कुरूद। नगर के विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से 33 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। नए बाजार परिसर, सनसिटी कॉलोनी सहित विभिन्न वार्डों में इन कार्यों की शुरुआत नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में हुई।
भूमिपूजन कार्यक्रम में अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने नगरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में चल रहे सुशासन और क्षेत्रीय विकास की गति के अनुरूप कुरूद नगर में भी तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी वार्डों में युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य जारी हैं और आने वाले एक वर्ष के भीतर पूरे नगर में बिजली का जाल बिछाने की योजना पर काम किया जा रहा है, जिससे मूलभूत सुविधाएं और सुदृढ़ होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ जनभावनाओं और जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुसार छोटे-छोटे विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि हर वार्ड में समान रूप से विकास दिखाई दे।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, नगर संयोजक भोजराज चंद्राकर, पार्षद मिथिलेश बैस, महेंद्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, कविता चंद्राकर, राखी चंद्राकर, अर्जुन ध्रुव एवं पूर्व पार्षद विनोद पिंटू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा भाजपा नेता कोमल साहू, कमलेश चंद्राकर, बल्लू चंद्राकर, किशोर यादव, कमल शर्मा, कुमार जांगड़े, प्रवीन शर्मा तथा व्यापारी वर्ग से केवल साहू, प्रकाश ढींवर, चुनमुन चंद्राकर, धनेश बैस, ओमप्रकाश साहू भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्य नगरपालिका अधिकारी गुप्ता जी सहित पालिका के कर्मचारी एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

