कुरुद, 22 अप्रैल। नगर पंचायत कुरुद को सांस्कृतिक विकास की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। कुरुद के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर के प्रयासों से बाईपास रोड स्थित जे.डी. कॉलोनी के सामने एक भव्य रंगमंच और बाउंड्रीवॉल के निर्माण के लिए ₹3.07 करोड़ की परियोजना को नगरीय प्रशासन विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निर्माण कार्य नगर पालिका परिषद क्षेत्रांतर्गत किया जाएगा, जहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त रंगमंच विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर की सुरक्षा के लिए मजबूत बाउंड्रीवॉल भी बनाई जाएगी, जिससे यह स्थल विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बन सके।
परियोजना के तहत निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। निविदा समिति की अनुशंसा पर ‘मेसर्स श्री श्याम कंस्ट्रक्शन, भिलाई’ को कार्य एजेंसी के रूप में चयनित किया गया है। कुल लागत में लगभग ₹2.87 करोड़ निर्माण कार्य पर व्यय होंगे, जबकि ₹20 लाख नॉन एस.ओ.आर. मद में निर्धारित किए गए हैं। शासन से ₹2.90 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है, शेष राशि नगर पालिका परिषद अपने निधि से वहन करेगी।
विधायक अजय चंद्राकर ने इस परियोजना को कुरुद के सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि नगर में लंबे समय से एक बड़े और व्यवस्थित मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस रंगमंच के निर्माण से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा और बड़े स्तर के कार्यक्रमों का आयोजन भी संभव हो सकेगा।
परियोजना की स्वीकृति के बाद नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे विकास की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रशासन ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

