कुरूद। सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से आयुक्त एवं पंजीयक सहकारिता महादेव कावरे ने कुरूद क्षेत्र की सहकारी समितियों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा कुरूद के अंतर्गत आने वाली गाड़ाडीह और कुहकुहा समितियों का दौरा कर वस्तुस्थिति को परखा।
आयुक्त श्री कावरे ने निरीक्षण के दौरान मंडी बोर्ड द्वारा निर्मित किए जा रहे किसान कुटीर एवं गोदाम निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को उच्च स्तरीय बनाए रखने और सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए।
Chhattisgarh News : सफाई कर्मचारियों की हड़ताल ने लिया हिंसक मोड़, भारी तनाव
ऋण वितरण और खाद भंडारण की समीक्षा:
समितियों की बैठक लेते हुए सहकारिता आयुक्त ने खरीफ ऋण वितरण की वर्तमान स्थिति की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने खाद के भंडारण और वितरण व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि खेती-किसानी के दिनों में किसानों को किसी भी तरह की किल्लत या परेशानी का सामना न करना पड़े।
“सहकार से समृद्धि” योजना पर फोकस:
बैठक में किसानों के हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) वितरण, सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालन, माइक्रो एटीएम की सुविधा और सहकार से समृद्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति जानी। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के किसान तक पहुंचना सुनिश्चित करें।
इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं (धमतरी) पी.के. ठाकुर, नोडल अधिकारी बलरामपुरी गोस्वामी, सहकारिता विस्तार अधिकारी जितेंद्र नंदा, शाखा प्रबंधक टीकेन्द्र बैस और पर्यवेक्षक चंद्रकुमार साहू सहित विभिन्न समितियों के कर्मचारी व स्थानीय पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

