यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले के कुरुद थाना क्षेत्र (बिरेझर चौकी) के अंतर्गत आने वाले ग्राम मरौद से एक बेहद संवेदनशील और आक्रोशित करने वाली घटना सामने आई है। यहां स्थित प्राचीन शीतला मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों और असामाजिक तत्वों ने धावा बोलकर न केवल बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए माता की मूर्ति को भी खंडित कर दिया।
सोमवार सुबह जब ग्रामीण और मंदिर के पुजारी हमेशा की तरह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तब इस शर्मनाक घटना का खुलासा हुआ। मंदिर का मुख्य ताला टूटा हुआ था, भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और गर्भगृह से माता की मूर्ति गायब थी। छानबीन करने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए; चोरों ने माता की मूर्ति को बुरी तरह खंडित कर मंदिर से बाहर अन्यत्र फेंक दिया था। असामाजिक तत्वों ने मूर्ति पर चढ़ाए गए सोने-चांदी के कीमती आभूषण, श्रृंगार सामग्री, छत्र और दान पेटी को तोड़कर उसमें रखी नगदी रकम पार कर दी है।
संत Premanand Maharaj’ की भावुक अपील, बोले- “मैं रहूं न रहूं, हमेशा साथ रहूंगा”
आला अधिकारी मौके पर; हाईटेक FSL, साइबर सेल और डॉग स्क्वायड ने संभाला मोर्चा
घटना की खबर आग की तरह फैलते ही पूरे मरौद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए। मामले की गंभीरता और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए कुरुद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेंद्र पांडे, कुरुद एसडीओपी रागिनी मिश्रा, और साइबर सेल प्रभारी भानु प्रताप चंद्राकर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले को हाल ही में मिली नई हाईटेक एफएसएल (FSL) वैन और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की साइबर सेल टीम तकनीकी साक्ष्यों और मंदिर व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा असंतोष है और उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि आला अधिकारियों की मौजूदगी और नई हाईटेक एफएसएल वैन की मदद से पुलिस इस संवेदनशील गुत्थी को कितने घंटों में सुलझा पाती है।

