कटनी में हनीट्रैप में फंसाकर एक फोटोग्राफर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार की है। पुलिस ने आज रविवार को मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला, उसके पति और भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, शहर के एन.के.जे. थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर में डायल-112 को सूचना मिली थी कि प्रेमनगर काली मंदिर के पास एक अज्ञात युवक खून से लथपथ पड़ा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शारीरिक संबंध बनाने का लालच देकर घर बुलाया
मृतक की पहचान प्रदीप साहू (23) निवासी पहरिया (बड़वारा) के रूप में हुई। वह पेशे से फोटोग्राफर था। थाना प्रभारी रूपेंद्र सिंह ने बताया कि जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि प्रदीप साहू को प्रेमनगर निवासी शिवानी जायसवाल ने फोन कर शारीरिक संबंध बनाने का लालच देकर शीला यादव नामक महिला के घर बुलाया था।
मोटी रकम मांगी, पैसे न देने पर किया मर्डर
पुलिस के अनुसार, यह एक सोची-समझी साजिश थी। योजना के मुताबिक, जैसे ही प्रदीप कमरे में पहुंचा, शिवानी का पति विपिन दुबे और भाई मनीष जायसवाल भी वहां आ गए। तीनों ने प्रदीप को घेर लिया और उससे मोटी रकम की मांग करने लगे।
जब प्रदीप ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसे लात-घूसों और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उन्होंने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रदीप जान बचाने के लिए मकान से बाहर भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर सड़क पर गिर गया और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई

