कटनी | जिले के बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम सुड्डी में मंगलवार की शाम खेत की तार फेंसिंग काटने के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पड़ोसी खेत मालिक और उसके बेटों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर लोहे की रॉड और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पिता, पुत्र और उनका भांजा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सुड्डी निवासी धर्मेंद्र विश्वकर्मा (23) अपने पिता पुरुषोत्तम विश्वकर्मा और भांजे सचिन विश्वकर्मा के साथ पटिया हार स्थित अपने खेत पर गए थे। वहां उन्होंने देखा कि उनके खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई तार बाउंड्री कटी हुई थी। जब पुरुषोत्तम ने पड़ोसी खेत मालिक जमुना विश्वकर्मा से इस संबंध में पूछताछ की, तो बात बढ़ गई।
लोहे की रॉड और दांतों से हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान जमुना विश्वकर्मा और उसके दो बेटों—उमेश और राकेश—ने गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर तीनों ने सुनियोजित तरीके से पीड़ितों को घेर लिया। जमुना और राकेश ने लाठियों से पुरुषोत्तम की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए धर्मेंद्र के सिर पर उमेश ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। धर्मेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान उमेश ने उसके दाहिने हाथ को दांतों से बुरी तरह काट लिया। भांजे सचिन को भी लाठियों से पीटकर घायल कर दिया गया।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण पवन सेन और जितेंद्र कचेर ने बीच-बचाव कर हमलावरों को रोका। भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से 108 एम्बुलेंस द्वारा घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल बड़वारा ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर किया गया है
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 296(b), 115(2), 118(1), 351(2) और 3(5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

