यशवंत गंजीर,धमतरी। जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
सहायक परियोजना अधिकारी, लाईवलीहुड कॉलेज ने बताया कि रोजगार मेले में जिले के 303 युवा शामिल हुए। मेले में उपस्थित प्लेसमेंट कंपनी यू फस्ट बिजनेस कंसलटेंसी द्वारा विभिन्न पदों के लिए युवाओं का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें 90 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया।
चयनित युवाओं को सुपरवाइजर, असिस्टेंट हेल्पर, सुरक्षा गार्ड, एसी टेक्नीशियन, वेल्डर और फिटर जैसे पदों पर रोजगार का अवसर मिलेगा। प्लेसमेंट कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को गुजरात के वडोदरा शहर स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में नियुक्त किया जाएगा।
बताया गया कि चयनित युवाओं को ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, वस्त्र उद्योग, स्टील एवं आयरन उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर मिलने से उनमें उत्साह देखा गया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले को युवाओं के लिए रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजनों से जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

