यशवंत गंजीर, धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कृषि को आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। धमतरी प्रवास के दौरान उन्होंने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र कुरूद का निरीक्षण कर कृषि शिक्षा, शोध गतिविधियों और किसान हित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली।
कुरूद कृषि महाविद्यालय में सुविधाओं का लिया जायजा
कृषि महाविद्यालय में मंत्री नेताम ने आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लास रूम, डिजिटल लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षा फोरम सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर अध्ययन व्यवस्था, शोध कार्य और छात्रावास सुविधाओं की जानकारी ली। कृषि संग्रहालय में विद्यार्थियों द्वारा तैयार कृषि मॉडल, वैज्ञानिक प्रदर्शनी और मशरूम प्रसंस्कृत उत्पादों का अवलोकन कर विद्यार्थियों के नवाचार और वैज्ञानिक सोच की सराहना की।
गांवों में कृषि आधारित नवाचारों का किया निरीक्षण
धमतरी जिले के विभिन्न गांवों में मंत्री रामविचार नेताम ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और जैव प्रौद्योगिकी से जुड़ी परियोजनाओं का जायजा लिया। ग्राम मरौद में बीज प्रसंस्करण इकाई और नील-हरित काई उत्पादन, ग्राम चर्रा में मुर्गीपालन एवं बकरी पालन, ग्राम छाती में मखाना खेती और ग्राम देमार में संजय गांधी फिश हेचरी का निरीक्षण किया। इस दौरान मत्स्य पालकों को मछली बीज का वितरण भी किया गया।
किसानों तक पहुंचे आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक सलाह
मंत्री नेताम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाया जाए। गुणवत्तापूर्ण बीज, उन्नत कृषि पद्धतियों और वैज्ञानिक सलाह को खेतों तक पहुंचाकर उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जाए। इस अवसर पर संचालक कृषि राहुल देव, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी और मत्स्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

