अमेठी। ईद की नमाज़ के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कस्बा जायस ईदगाह के पास दो छोटे बच्चे अपने परिजनों से बिछड़कर भटक गए। मौके पर ड्यूटी में तैनात थाना जायस पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया, जिससे परिवार के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना जायस पुलिस ईदगाह के पास शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थी। इसी दौरान नमाज़ के वक्त दो बच्चे अपने परिवार से बिछड़ गए।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित नौगजी पुलिस बूथ पर पहुंचाया और विभिन्न माध्यमों से उनकी पहचान सुनिश्चित कर परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद बच्चों को सकुशल उनके परिवार के हवाले कर दिया गया।
बरामद बच्चों में अयान (उम्र करीब 3 वर्ष) पुत्री शबनम निवासी रोहसी थाना गौरीगंज तथा फरहीन (उम्र करीब 5 वर्ष) पुत्र नईम निवासी रामपुर नौरंगाबाद थाना जामो शामिल हैं।
बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने अमेठी पुलिस का आभार जताया और पुलिस की सराहना की।
इस सराहनीय कार्य में निरीक्षक महेंद्र कुमार यादव, थानाध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सतीश कुमार दीक्षित, महिला कांस्टेबल रविता यादव व उर्वशी सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



