कुरुद (धमतरी)। जनपद पंचायत कुरुद अंतर्गत ग्राम पंचायत इर्रा में मनरेगा के तहत नए तालाब निर्माण कार्य को लेकर सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। यहां पंचायत द्वारा सभी आयु वर्ग के ग्रामीणों को काम में प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे गांव में रोजगार के अवसर बढ़े हैं और ग्रामीणों में संतोष का माहौल है।
ग्राम पंचायत इर्रा के सरपंच सूर्यकांत साहू ने बताया कि हाल ही में कुछ मीडिया माध्यमों में यह खबर प्रकाशित हुई थी कि कुछ पंचायतों में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और पेंशनधारियों को मनरेगा कार्यों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके गांव के संदर्भ में इस तरह की जानकारी पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है।
सरपंच ने कहा कि पंचायत में 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे ग्रामीण, जो भारी काम करने में असमर्थ हैं, उनके लिए अलग से कार्य योजना तैयार की गई है। इन लोगों को उनकी क्षमता के अनुरूप हल्के और उपयुक्त कार्य दिए जा रहे हैं, ताकि वे भी मनरेगा से जुड़कर रोजगार का लाभ ले सकें।
उन्होंने आगे बताया कि ग्राम पंचायत इर्रा में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है और न ही पंचायत स्तर पर कोई अलग नियम या प्रतिबंध लागू किया गया है। सभी पात्र हितग्राहियों को समान अवसर प्रदान करना पंचायत की प्राथमिकता है।
तालाब निर्माण कार्य में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों की भी भागीदारी देखने को मिल रही है, जो पंचायत की समावेशी सोच को दर्शाता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल से गांव में रोजगार उपलब्ध हुआ है और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिल रहा है।

