कांकेर, शनिवार। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए विस्फोटक डंप को निष्क्रिय करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आईईडी हटाते समय हुए विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के प्रभारी सुखराम वट्टी समेत तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीआरजी की टीम कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सलियों के डंप की सूचना पर सर्च ऑपरेशन के लिए निकली थी। कार्रवाई के दौरान जवानों को आईईडी मिला, जिसे निष्क्रिय करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।
विस्फोट में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जंगल क्षेत्र से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एक अन्य जवान का इलाज जारी है।
घटना की पुष्टि बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बलों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृहग्राम भेजने की तैयारी की जा रही है।
कांकेर में आईईडी ब्लास्ट: डंप निष्क्रिय करते वक्त बड़ा हादसा डीआरजी प्रभारी सहित तीन जवान शहीद, एक घायल
