कटनी जिले के बाकल क्षेत्र में सोमवार को दिल दहला देने वाले तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई। सभी मृतक एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक घटनाएं घटित हो गईं।
पहला हादसा बाकल थाना क्षेत्र के ढेरा फाटक मोड़ के पास हुआ, जहां एक वाहन पुलिया से टकरा गया। इस हादसे में छुरिया निवासी 18 वर्षीय सौरभ लोधी और 21 वर्षीय आशीष लोधी की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी घटना खमतरा मोड़ के पास सामने आई, जहां ट्रैक्टर से टक्कर होने पर पिपरिया निवासी 32 वर्षीय मोहन चौधरी ने दम तोड़ दिया।
वहीं तीसरा हादसा बहोरीबंद थाना क्षेत्र के पौड़ी-पिपरिया मार्ग पर हुआ, जिसमें चनपुरा निवासी 38 वर्षीय रिखीराम पटेल की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि चारों मृतक रिश्तेदारों के यहां आयोजित शादी समारोह से वापस लौट रहे थे, तभी अलग-अलग स्थानों पर ये हादसे हो गए।
पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। चारों शवों का पोस्टमार्टम बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जाएगा।
यह घटनाएं एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को उजागर करती हैं।

