यशवंत गंजीर कुरूद। “मोर गांव-मोर पानी, मोर तरिया-आय के जरिया” अभियान के तहत जनपद पंचायत कुरूद क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना से तालाब निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ-साथ गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी हो रहा है।
इसी कड़ी में ग्राम पंचायत इर्रा में नए तालाब निर्माण के लिए मनरेगा के तहत 17 लाख 56 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। तालाब निर्माण कार्य में बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर जुटे हुए हैं। पंचायत द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष गितेश्वरी साहू ने निर्माण कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 60 मजदूरों को प्लास्टिक के धमेला भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित श्रमिकों में राजेश बर्मन, गोपाल, उषा, रामकुमार, शारदा, संतोषी, रामेश्वर, छबिलाल, अरुण, कल्याणी, हिमाचल, हेमकुमार, गुरुदयाल और धनेश्वरी सहित अन्य मजदूर शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू ने कहा कि शासन महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन तालाब को भविष्य में महिला स्व-सहायता समूहों को मछली पालन, मखाना तथा ढेंस की खेती के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
इस अवसर पर सरपंच यामिनी साहू, सूर्यकांत साहू सहित पंचायत प्रतिनिधि, महिला समूह की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने तालाब निर्माण को गांव के विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

