धमतरी |छत्तीसगढ़ के ‘मिनी गोवा’ के रूप में प्रसिद्ध गंगरेल बांध ने आज एक नया इतिहास रच दिया। मचान हाट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक महानदी की लहरों पर जब 52 नावें एक साथ उतरीं, तो नजारा देखने लायक था। मौका था ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत आयोजित प्रथम महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का, जिसने धमतरी को साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दी है। चुनौतीपूर्ण जल-यात्रा में प्रतिभागियों ने अपनी पतवारों से विकास और साहस की नई इबारत लिखी।
लहरों पर थिरकती रफ्तार और जीत का जज्बा:
धमतरी सहित कांकेर और बालोद की कुल 52 टीमों ने जब इस महामुकाबले में अपनी नौकाएं उतारीं, तो पूरा वातावरण उत्साह के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस रोमांचक प्रतिस्पर्धा में बोट क्रमांक 04 के रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद ने अपनी अभूतपूर्व गति से प्रथम स्थान प्राप्त कर 1,00,000 रुपये की सम्मान राशि अपने नाम की। द्वितीय स्थान पर मंडावी एवं पनवल कोलियारी (50,000 रुपये) तथा तृतीय स्थान पर कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी (25,000 रुपये) रहे।
कला और संस्कृति के संरक्षण को रेखांकित करते हुए बोट क्रमांक 06 की पवनबाई एवं देवनबती को उत्कृष्ट वेशभूषा तथा बोट क्रमांक 08 के रामनारायण व रिशीराम को नौका सज्जा के लिए विशेष पुरस्कारों से अलंकृत किया गया।
नारी शक्ति का अदम्य साहस:
इस उत्सव का सबसे गौरवशाली पक्ष ग्रामीण अंचलों की महिलाओं का शौर्य रहा। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने जब अपनी पारंपरिक काष्ठ नौकाओं के साथ विशाल जलराशि को चुनौती दी, तो उपस्थित जनसमूह की तालियों की गड़गड़ाहट ने उनका अभिनंदन किया। सीमित संसाधनों में भी असीमित आत्मविश्वास का यह दृश्य आधुनिक छत्तीसगढ़ की उस सशक्त नारी का परिचायक था, जो अपनी परंपराओं को साथ लेकर आधुनिकता की दौड़ में कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। जिला प्रशासन ने भी इन वीरांगनाओं के जज्बे को नमन करते हुए विशेष सांत्वना पुरस्कारों की घोषणा की।महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने हेतु 15,000 रुपये, 10,000 रुपये और 5,000 रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
पर्यटन और सुरक्षा का नव-अध्याय:
विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू और कलेक्टर अविनाश मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान ‘वॉटर एंबुलेंस’ का शुभारंभ जल सुरक्षा की दिशा में एक आधुनिक पहल के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, मत्स्य विभाग द्वारा मछुआ समितियों को आइस बॉक्स का वितरण स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का एक सराहनीय प्रयास रहा।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने इस आयोजन को धमतरी के लिए ‘टर्निंग पॉइंट’ बताते हुए कहा कि यह उत्सव भविष्य में गंगरेल को ‘एडवेंचर स्पोर्ट्स हब’ के रूप में प्रतिष्ठित करेगा। आयोजन के समापन पर अतिथियों द्वारा किए गए पौधरोपण ने प्रगति और प्रकृति के मध्य एक सुंदर संतुलन का संदेश प्रसारित किया।





