कुरुद/बगौद। मरादेव मंदिर प्रांगण बगौद में तहसील साहू समाज कुरुद द्वारा दानवीर भामाशाह जयंती उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर ने लगभग 56 लाख रुपये की लागत से निर्मित साहू सामुदायिक भवन एवं किचन शेड का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्राकर ने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब मेवाड़ संकट में था, तब भामाशाह ने अपनी पूरी पूंजी महाराणा प्रताप को समर्पित कर दी थी, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाजजनों से अपील की कि वे परंपरागत अनावश्यक खर्चों को कम कर रचनात्मक कार्यों और समाजहित में संसाधनों का उपयोग करें।
ट्रस्ट बनाकर संचालित हों सामाजिक गतिविधियां
विधायक ने सामुदायिक भवन के बेहतर उपयोग के लिए इसे ट्रस्ट के माध्यम से संचालित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ समाज को नई सोच अपनानी होगी, अन्यथा वह अप्रासंगिक हो जाएगा। भवन से होने वाली आय को प्रतिभाशाली जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में लगाने पर भी जोर दिया।

सेवा, संस्कार और कौशल विकास पर बल
उन्होंने युवाओं को कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ने की आवश्यकता बताई। साथ ही समाज को नशामुक्ति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए जागरूक रहने की बात कही। कार्यक्रम में युवाओं ने रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की।
पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम की शुरुआत संत माता कर्मा और दानवीर भामाशाह के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। राघव ग्रुप कोटगांव द्वारा भजन प्रस्तुति दी गई। मंच संचालन मन्नूलाल साहू और योगेश साहू ने किया।

सामाजिक समरसता पर कार्यशाला
आयोजित सामाजिक कार्यशाला में वक्ताओं ने समाज में एकता, नशामुक्ति और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और संस्कार से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
समाज की बढ़ती भागीदारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे तहसील साहू समाज के अध्यक्ष कृष्णकांत साहू ने कहा कि समाज आज राजनीति, शिक्षा, व्यापार और सेवा के हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी मजबूत कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में समाज राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व विधायक लेखराम साहू, जिला साहू समाज अध्यक्ष गणेशराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू, बिरेंद्र साहू, शारदा साहू, सरपंच दशोदा कमलेश साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।

