यशवंत गंजीर,धमतरी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस की लगातार कार्रवाई में सिहावा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने परिवार बनकर कार से गांजा तस्करी कर रहे अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 किलो 626 ग्राम गांजा, कार और मोबाइल सहित करीब 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की अमेज कार क्रमांक MH-27-DT-0319 में ओडिशा के बोलनगिर-भवानीपटना क्षेत्र से महाराष्ट्र की ओर गांजा ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे परिवार की तरह यात्रा करते मिले। वाहन की डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 18 पैकेटों में कुल 18 किलो 626 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने गांजा, कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर कुल करीब 14 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की।
इस मामले में प्रवीण रविन्द्र दुबे, श्रीमती सोनू प्रवीण खैरकार और पलाश गजभिए को गिरफ्तार कर थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। धमतरी पुलिस ने तत्काल जिलेभर में नाकाबंदी कर विशेष टीमों को तलाश में लगाया और दिनभर की सघन खोजबीन के बाद आरोपी को पुनः गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है। पिछले छह सप्ताह में धमतरी पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के खिलाफ सात बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की गई है।

