अमेठी से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इजहार उर्फ मुंशीर (उम्र करीब 33 वर्ष) निवासी रस्तामऊ, थाना मोहनगंज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को दुबई की कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। अब तक वह पांच अलग-अलग लोगों से करीब 3 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर चुका है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने कूटरचित तरीके से अपना आधार कार्ड बनवाकर पता बदल लिया था। मूल रूप से अमेठी का निवासी होने के बावजूद उसने अयोध्या जिले के पते पर नया आधार कार्ड तैयार कराया और उसी के आधार पर पासपोर्ट भी बनवा लिया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने दुबई की अल हमीदी पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी तैयार कराए, जिससे लोगों को यकीन दिलाया जा सके कि उन्हें विदेश में नौकरी मिल रही है। जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत मिलने के बाद थाना मोहनगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज से बना पासपोर्ट
Leave a comment
