धमतरी। जिले में वन भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने दुगली क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए 116.596 हेक्टेयर से अधिक जमीन को कब्जामुक्त कराया है। इस दौरान 50 से ज्यादा अवैध झोपड़ियों को जेसीबी मशीनों की मदद से ढहा दिया गया।
यह कार्रवाई दक्षिण सिंगपुर परिक्षेत्र के वनखण्ड क्रमांक 169 अंतर्गत पालगांव, गोंदलानाल और बोदलवंडी के बीच स्थित जंगल क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से अतिक्रमण कर अस्थायी बस्तियां बसाई गई थीं। बुधवार को सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई में वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान शासन के निर्देश पर चलाया जा रहा है और वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर संरक्षित करना इसका मुख्य उद्देश्य है। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रभावित परिवारों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, वहीं कई लोगों ने अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की कोशिश की।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और वन भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

