कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम अंतरवेद में पिछले पांच दिनों से दहशत का कारण बना मगरमच्छ आखिरकार पकड़ लिया गया है। रेस्क्यू टीम की कड़ी मशक्कत के बाद इस खतरनाक अभियान में सफलता मिली, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
ग्राम अंतरवेद के तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद गांव में भय का माहौल बन गया था। लोग तालाब के पास जाने से भी डर रहे थे। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर के निर्देश पर रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया।
“तालाब में मगरमच्छ — गांव में फैली दहशत”
वन विकास निगम कुंडम प्रोजेक्ट के संभागीय प्रबंधक मोहित सूद के मुताबिक, मगरमच्छ की पुष्टि होते ही जबलपुर से विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया। टीम ने लगातार दो दिनों तक कड़ी मेहनत करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
“दो दिन की मशक्कत — आखिरकार मिला सफलता”
आज रविवार दोपहर करीब 12 बजे टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इस दौरान वन विभाग की टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने धैर्य और सावधानी के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया।
रेंजर मनीष रोर ने जानकारी दी कि पकड़े गए मगरमच्छ को जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट के पास खंदारी जलाशय में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।
“सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा मगरमच्छ”
मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद अब गांव में स्थिति सामान्य हो गई है और लोगों में डर खत्म हो गया है।
रेस्क्यू टीम की इस सफलता ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया और ग्रामीणों को बड़ी राहत दी है।

