छपरा से बलहारशाह जा रही गंगा कावेरी एक्सप्रेस में एक बुजुर्ग महिला यात्री की मौत हो गई। महिला ट्रेन में अकेले सफर कर रही थीं। बुधवार की सुबह करीब 9 बजे कटनी जंक्शन पर ट्रेन पहुंचने पर रेल डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया, जिसके बाद वाणिज्यिक विभाग और जीआरपी टीम ने शव को ट्रेन से उतारा
जानकारी के अनुसार, शिवझारो देवी (70) बुधवार को छपरा से बलहारशाह के लिए ट्रेन संख्या 12670 गंगा कावेरी एक्सप्रेस के कोच S4, बर्थ नंबर 65 में यात्रा कर रही थीं। वह ट्रेन में अकेली थीं। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और संभवतः हार्ट अटैक या अन्य स्वास्थ्य कारणों से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को ट्रेन से नीचे उतारा
ट्रेन के कटनी जंक्शन पहुंचने पर रेल प्रशासन और जीआरपी को सूचना मिली। ड्यूटी पर मौजूद रेल डॉक्टर ने कोच में जाकर महिला का परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की पुष्टि के बाद पुलिस ने शव को ट्रेन से नीचे उतारा।
चूंकि महिला अकेली यात्रा कर रही थीं, रेलवे अधिकारियों ने उनके टिकट और मोबाइल से मिली जानकारी के आधार पर तत्काल परिजनों को घटना की सूचना दी। जीआरपी ने शव को मर्चुरी में रखवाया है और परिजनों के कटनी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

