अमेठी। जनपद के लिए गौरव का विषय है कि आरआरपीजी कॉलेज, अमेठी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रवीन्द्र कुमार पाण्डेय (मिथुन) को सैन्य विज्ञान विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त हुई है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और शिक्षण जगत में गर्व की भावना देखी जा रही है।
डॉ. प्रवीन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपना शोध कार्य “भारत की सुरक्षा के संदर्भ में नेपाल का महत्व एवं नेपाल का वर्तमान परिदृश्य (21वीं सदी के परिप्रेक्ष्य में)” विषय पर सफलतापूर्वक पूर्ण किया। उनके शोध कार्य में भारत-नेपाल संबंधों की सामरिक, भौगोलिक और वैश्विक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण भूमिका का गहन विश्लेषण किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह शोध भविष्य की सुरक्षा नीतियों के निर्धारण में सहायक सिद्ध हो सकता है।
यह शोध कार्य साकेत महाविद्यालय, अयोध्या के पूर्व प्राचार्य एवं सैन्य विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अभय कुमार सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में किए गए इस शोध को अकादमिक जगत में सराहना मिल रही है।
डॉ. प्रवीन्द्र कुमार पाण्डेय अमेठी जिले के जयरामपुर गांव के निवासी हैं। वे वर्तमान में आरआरपीजी कॉलेज, अमेठी में सैन्य विज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता राजकुमार पाण्डेय क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के रूप में जाने जाते हैं।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, बुद्धिजीवियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ. पाण्डेय की सफलता यह दर्शाती है कि कठिन परिश्रम, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी यह उपलब्धि अमेठी के शिक्षा जगत के लिए एक नई पहचान स्थापित करने वाली साबित हो रही है।


