यशवंत गंजीर कुरुद। छत्तीसगढ़ में पंचायत विकास सूचकांक (PDI) के तहत धमतरी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। कुरूद विकासखंड की मंदरौद ग्राम पंचायत ने गरीबी मुक्त एवं आजीविका संवर्धन (थीम-1) में 94.4 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह सफलता ग्राम स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी का परिणाम मानी जा रही है।
जिले की अन्य ग्राम पंचायतों ने भी स्वस्थ पंचायत, जल संपन्न पंचायत तथा स्वच्छ एवं हरित पंचायत जैसी विभिन्न थीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए A+ और A ग्रेड प्राप्त किए हैं। इससे स्पष्ट है कि धमतरी जिले में ग्रामीण विकास योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं और शासन की प्राथमिकताओं को सफलता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मंदरौद ग्राम पंचायत की सफलता को पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक बताते हुए अन्य पंचायतों को भी बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने का संदेश दिया।
वहीं, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने जिले की सभी उत्कृष्ट पंचायतों को बधाई देते हुए इसे जनप्रतिनिधियों, पंचायत अमले और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन ही इस सफलता की कुंजी है। उन्होंने भविष्य में भी सतत विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन का भरोसा दिलाया।

