धमतरी, 12 मई 2026 | शासकीय भूमि के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने पर भखारा तहसील में पदस्थ तहसीलदार भूपेश चंद्राकर को कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने सम्मानित किया। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ने उन्हें शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि भखारा तहसील में शासकीय भूमि के संरक्षण, अतिक्रमण पर रोक और भूमि संवर्धन के क्षेत्र में श्री चंद्राकर द्वारा किए गए कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इस दिशा में किए गए प्रयास अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक हैं।
कलेक्टर ने श्री चंद्राकर के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके दायित्व निर्वहन, समर्पण और सक्रियता से राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूती मिली है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से शासकीय संपत्तियों के संरक्षण के प्रति गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देहारी, एसडीएम धमतरी और कुरूद सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे।

