धमतरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक अचेत अवस्था में पाया गया। आसपास के लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस ने तत्काल युवक को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गोलू उर्फ गोवर्धन धीमर। के रूप में हुई है, जो कोस्टापारा का निवासी था। जानकारी के अनुसार, वह अक्सर बस स्टैंड के आसपास ही देखा जाता था और खाली शीशी-बोतलें बेचकर अपना जीवन यापन करता था।
पुलिस की जांच और बयान
कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक अकेले रहता था और शराब पीने का आदी था। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल युवक की मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि मौत अत्यधिक गर्मी की वजह से हो सकती है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।

