धमतरी | ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण (फेज-04) के अंतर्गत धमतरी जिले की दो महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जशपुर से किए गए प्रदेश स्तरीय वर्चुअल भूमिपूजन का हिस्सा था।
धमतरी कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा ने दोनों सड़कों का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 11.45 किलोमीटर है, जिसके निर्माण के लिए शासन द्वारा 752.27 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण की दिशा में “मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया” महाअभियान का भी शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन और समुचित प्रबंधन को बढ़ावा देना है, ताकि गांवों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क ग्रामीण विकास की आधारशिला है। इन सड़कों के निर्माण से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष धमतरी अंगीरा ध्रुव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता योगेश आनंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक गोमती साय एवं रायमुनी भगत की उपस्थिति भी रही।
गौरतलब है कि प्रदेश स्तर पर इस योजना के तहत कुल 774 सड़कों (2426.875 किलोमीटर) का भूमिपूजन किया गया, जिन पर लगभग 2225.44 करोड़ रुपए की लागत आएगी। धमतरी जिले की इन दो सड़कों के निर्माण से ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ ही समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

