यशवंत गंजीर,धमतरी। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त किए गए 388.392 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में यह प्रक्रिया पूरी की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में पुलिस, आबकारी विभाग और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली धमतरी, अर्जुनी, भखारा, बिरेझर, केरेगांव और सिहावा थाना क्षेत्रों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 18 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।

नष्टीकरण की कार्रवाई कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंजारी स्थित रूपगढ़ पॉवर एंड एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड में कराई गई। इसके लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति लेने के साथ ही पर्यावरण सुरक्षा मानकों का भी पालन किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव, सत्यापन और रिकॉर्ड प्रक्रिया पूरी करने के बाद नियमानुसार निपटान किया गया है। इस कार्रवाई से नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को मजबूती मिलेगी।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

