यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भखारा, मगरलोड और कुरूद थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी क्रमांक CG 05 AS 9740 को रोककर तलाशी ली। इस दौरान आरोपी दिनेश साहू (32) और वेद प्रकाश सेन (23) निवासी ग्राम बगदेही के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब और स्कूटी सहित कुल 52,400 रुपये का मशरूका जब्त किया।
भखारा पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में ग्राम हंचलपुर क्षेत्र से अवैध महुआ शराब बेच रही हेमेश्वरी बंजारे (41) निवासी कोपेडीह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की गई।
इसी क्रम में मगरलोड पुलिस ने ग्राम परसाबुड़ा कमारपारा पुलिया के पास छापेमार कार्रवाई कर बलराम कमार (27) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
वहीं कुरूद पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 9842 से अवैध शराब परिवहन कर रहे नोहर सिंह साहू (35) निवासी बगदेही को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 पौवा देशी मसाला शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।

