यशवंत गंजीर धमतरी। परिक्षेत्र साहू समाज तर्रागोंदी द्वारा विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए 1 मई से शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिलौटी में आयोजित किए जा रहे निःशुल्क शैक्षिक एवं करियर मार्गदर्शन शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। इस 29 दिवसीय शिविर के समापन मुख्य अतिथि कुरुद के अनुविभागीय अधिकारी (SDM) नभ सिंह कोशले द्वारा छात्र-छात्राओं को सफलता के मूलमंत्र देकर किया गया।
सैनिक से लेकर IAS बनकर देश की सेवा करें: एसडीएम
समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए एसडीएम नभ सिंह कोशले ने कहा कि पूरी एकाग्रता और मन लगाकर पढ़ाई करें ताकि जीवन में एक सफल और अच्छा इंसान बन सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आगे चलकर आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, जज, सैनिक और पायलट के रूप में सामने आएं और समाज व देश की सेवा करें। उन्होंने बच्चों को स्कूली दायरे से बाहर निकलने की सलाह देते हुए कहा कि उच्च स्तर पर आयोजित होने वाले विभिन्न शिविरों, ओलम्पियाड और मॉडल प्रदर्शनियों में बढ़-चढ़कर भाग लें, जिससे उन्हें अभी से प्रतियोगी माहौल का अनुभव हो सके।
करियर निर्माण के लिए अफसरों ने दिए ‘सफलता के सीक्रेट्स’
संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने करियर निर्माण को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका एसडीएम ने बेहद सरल ढंग से जवाब दिया:
*गलतियों से सीखें: सफलता के लिए एक निश्चित उद्देश्य रखें और छोटे-छोटे कदमों (स्टेप्स) के माध्यम से आगे बढ़ें। अपनी गलतियों से कभी निराश न हों, बल्कि उनसे सीखें।
*ग्रुप स्टडी: विद्यार्थियों को समूह में बैठकर अध्ययन करने की आदत डालनी चाहिए।
*सिविल सर्विसेज (IAS/PSC): इसके लिए कक्षा 6वीं से 12वीं तक के 9 विषयों की बेसिक जानकारी और नींव मजबूत होना बेहद जरूरी है।
*डॉक्टर (NEET): नीट परीक्षा के पैटर्न को समझाते हुए उन्होंने बताया कि इसमें कक्षा 12वीं के पाठ्यक्रम से 60 प्रतिशत और 11वीं के पाठ्यक्रम से 40 प्रतिशत प्रश्न पूछे जाते हैं।
*डिफेंस (NDA): उन्होंने एनडीए (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) परीक्षा पास कर एयरफोर्स और सेना में जाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
80 छात्र और 5 स्वयंसेवी शिक्षक हुए सम्मानित:
शिविर की सफलता में अमूल्य योगदान देने वाले 5 स्वयंसेवी शिक्षकों.को डायरी व पेन देकर सम्मानित किया गया। वहीं, शिविर में पूरे महीने कड़ी मेहनत करने वाले सभी 80 छात्र-छात्राओं को भी पेन भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
इस समापन समारोह में बतौर अतिथि साहू समाज के जिलाध्यक्ष गणेशराम साहू, तहसील अध्यक्ष कामता राम साहू, बीआरसीसी कुलेश्वर सिन्हा, अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला संरक्षक दयालुराम साहू, प्राचार्य एम.के. ठाकुर, एफ.के. गजपाल, सरपंच अनिल राव शिंदे और दुलार सिन्हा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारी गिरधारी साहू (शिक्षक), अध्यक्ष चोवाराम साहू, छत्रसेन साहू, भोलाराम साहू, मोतीलाल साहू, श्यामू साहू, सविता गंजीर, गायत्री साहू, ओम साहू, लिकेश साहू, दानीराम, सुदर्शन, डोमन, माखन, नरेन्द्र, हरबन साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, पालकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

