यशवंत गंजीर धमतरी। जिले के कुरुद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ भैंसबोड़ और सोनपुर गांव के बीच स्थित एक खेत (खार इलाके) में 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका की पहचान परबत साहू के रूप में की गई है।
मायके जाने निकली थी बुजुर्ग महिला:
थाना प्रभारी अवधराम साहू से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका परबत साहू करीब तीन-चार दिन पहले अपने ससुराल से मायके (ग्राम मरौद) जाने के लिए निकली थीं। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर बिना किसी परेशानी के मायके आती-जाती रहती थीं। लेकिन इस बार जब वह समय पर अपने मायके नहीं पहुँची, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना:
घटनास्थल से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने खेत में शव को देखा, जिसकी स्थिति काफी खराब थी। शव कई दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़ चुका था। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुरुद थाना प्रभारी पुलिस बल और एफएसएल (FSL) की फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच जारी:
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। महिला की मौत सामान्य रूप से हुई है, वह किसी हादसे का शिकार हुईं या इसके पीछे कोई साजिश है—इन सभी पहलुओं पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

