धमतरी, 17 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय जनगणना 2026 के तहत स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरकर पहल की। उन्होंने जिलेवासियों से भी इस डिजिटल प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास का आधार है। सटीक आंकड़ों से ही शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होता है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली है। स्व-गणना से प्राप्त आंकड़े अधिक सटीक और पारदर्शी होते हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनगणना की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से बिना संकोच सही जानकारी दर्ज करने की अपील की।
जिला प्रशासन द्वारा स्व-गणना को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है।

