यशवंत गंजीर,धमतरी। जिले के ग्राम छाती में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के केंद्रीय महाधिवेशन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। हजारों समाजजनों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर जनता को बड़ी सौगात दी।
कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित महाधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 5 हजार से अधिक आबादी होने के कारण ग्राम छाती को भविष्य में नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। इसके साथ ही छाती से झुरा नवागांव तक नई सड़क निर्माण तथा नए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के निर्माण की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
महाधिवेशन में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और बच्चों को स्वर्ण प्राशन भी कराया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा, संगठन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
महाधिवेशन में समाज की एकता, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम के समापन पर “राजा रामचंद्र की जय” और “छत्रपति शिवाजी महाराज की जय” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूनम चंद्राकर, समाज के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में समाजजन और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

