धमतरी। ग्राम झूरानदी, तहसील बेलर, जिला धमतरी निवासी कृष्णा मंडवी ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री जनमन (PM JANMAN) योजना के अंतर्गत उनकी निजी भूमि खसरा नंबर 286 पर बिना पूर्व सूचना एवं वैधानिक प्रक्रिया के सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शिकायत के अनुसार इस सड़क निर्माण का टेंडर अपोलो कंपनी को दिया गया है, लेकिन भूमि स्वामी को न तो किसी प्रकार की जानकारी दी गई और न ही सहमति ली गई।
पीड़ित परिवार द्वारा कलेक्टर धमतरी को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि भूमि अधिग्रहण अथवा मुआवजा संबंधी कोई प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। शिकायत में भारत के संविधान के अनुच्छेद 14, 21 एवं 300A के साथ-साथ Right to Fair Compensation and Transparency in Land Acquisition, Rehabilitation and Resettlement Act, 2013 का उल्लेख करते हुए वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए जाने की मांग की गई है।
सुशासन तिहार: विधायक चंद्राकर ने कातलबोड़ में सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर ही निपटारे के निर्देश
मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए भीम आर्मी भारत एकता मिशन आगे आया है। संगठन के जिला अध्यक्ष मिलाप साहू एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार पक्षों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्रमुख मांगें:
मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए
बिना प्रक्रिया किए जा रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए
पीड़ित परिवार को न्याय एवं उचित मुआवजा दिया जाए
भूमि अधिग्रहण की स्थिति में नियमानुसार सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएं
शिकायत के साथ भूमि दस्तावेज, आधार कार्ड की प्रति एवं निर्माण कार्य से संबंधित फोटो भी संलग्न किए गए हैं।

