यशवंत गंजीर | धमतरी महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी जिले की रूद्री पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और लैंगिक शोषण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना रूद्री क्षेत्र निवासी हरिशंकर सेन (19 वर्ष) पर एक नाबालिग बालिका को प्रेम और विवाह का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड के दस्तावेजों से बड़ा खुलासा, जानिए क्यों अमरकथा से पहले शिव ने किया था महात्याग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पीड़िता का बयान दर्ज किया तथा उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी हरिशंकर सेन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।

