धमतरी। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर सेमरा (सी) में एक युवा कलाकार ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से भक्ति और कला का अनोखा संगम प्रस्तुत किया है। सिरदार चौक, ज्योति भवन के पास रहने वाले दीपक निषाद ने 11 घंटे की लगातार मेहनत से 4×8 फीट की विशाल और आकर्षक रंगोली बनाकर देवी माँ की मनमोहक छवि साकार की है। रंगों का सुंदर संयोजन, बारीक रेखांकन और भावपूर्ण प्रस्तुति इस कृति को विशेष बनाती है। यही कारण है कि इसे देखने के लिए आसपास ही नहीं, दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
हर रचना में नया आयाम, हर बार बढ़ती सराहना:
दीपक की कला पहले भी लोगों को प्रभावित कर चुकी है। पिछले दीपावली पर्व पर उन्होंने अपने साथी कलाकारों के साथ मिलकर माँ लक्ष्मी की भव्य रंगोली तैयार की थी, जिसे ग्रामीणों ने खूब सराहा था। इस बार भी गांव के सरपंच छबिलेश सिन्हा, प्रमुख नागरिकों और बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने उनकी इस उत्कृष्ट कृति की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि दीपक की कला में हर बार कुछ नया देखने को मिलता है।
बचपन की रुचि से साधना तक का सफर:
दीपक का रुझान बचपन से ही चित्रकला की ओर रहा है। स्कूली दिनों में वे अपने सहपाठियों और शिक्षकों के चित्र बनाकर उन्हें भेंट किया करते थे। उनकी इस प्रतिभा को सही दिशा देने में उनके शिक्षक चंद्रभूषण साहू का विशेष योगदान रहा।
इसी मार्गदर्शन के चलते दीपक का परिचय अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चित्रकार बसंत साहू (कुरूद) से हुआ, जहां ‘जीवन रंग आर्ट क्लास’ के माध्यम से उन्हें कला की बारीकियां सीखने का अवसर मिला। वर्तमान में वे बसंत साहू फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के शिक्षक अवध राम केवट के सहयोग और मार्गदर्शन में चित्रकला की गहराइयों और आध्यात्मिक पहलुओं को समझ रहे हैं।
कला में झलकती तपस्या और संदेश:
दीपक की यह रंगोली केवल एक आकर्षक चित्र नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, धैर्य और साधना का जीवंत उदाहरण है। नवरात्रि के इस शुभ अवसर पर उनकी यह प्रस्तुति लोगों के मन में भक्ति का संचार कर रही है और यह संदेश दे रही है कि सच्ची लगन से की गई मेहनत अवश्य ही रंग लाती है।


