कुरुद। विकासखंड कुरुद में प्रभारी बीईओ सी.के. साहू की कार्यप्रणाली को लेकर शिक्षक समुदाय में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सर्व शैक्षिक संघ ब्लॉक कुरुद एवं कर्मचारी फेडरेशन ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया है कि शिक्षकों को नोटिस के नाम पर लगातार परेशान और हतोत्साहित किया जा रहा है, जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
संघ पदाधिकारियों के अनुसार, एक दिवसीय अवकाश लेने वाले शिक्षकों को भी नोटिस जारी किया जा रहा है तथा व्यक्तिगत नोटिस को सोशल ग्रुपों में वायरल किया जा रहा है। इसके अलावा बिना संबंधित प्रधानाध्यापक से जानकारी लिए शिक्षकों को रास्ते में रोककर नोटिस देना, परीक्षा का हवाला देकर आकस्मिक अवकाश को पूर्व स्वीकृति से जोड़ना, अत्यावश्यक स्थिति में भी अवकाश नहीं देना तथा आवेदन स्वीकार न करना जैसे आरोप लगाए गए हैं। संघ का कहना है कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली केवल कुरुद ब्लॉक में देखने को मिल रही है।
इस मुद्दे को लेकर संघ ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद, जिला कलेक्टर धमतरी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया है। आवश्यकता पड़ने पर शिक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री तक मामला ले जाने की भी चेतावनी दी गई है। पदाधिकारियों का कहना है कि पूर्व में भी बीईओ को हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
संघ के संरक्षक देवेन्द्र कुमार दादर, संयोजक अशोक कुमार निर्मालकर, योगेन्द्र चंद्राकर, हुमन चंद्राकर, हुलेश चंद्राकर, लूकेश साहू, चैन सिंह साहू, फालेश्वर कुर्रे, भावना श्रीवास्तव, शिप्रा कनोजे, चेतन साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि यदि 20 अप्रैल तक प्रभारी बीईओ को नहीं हटाया गया, तो 21 अप्रैल को बीईओ कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

