धमतरी। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में पारिवारिक जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां एक युवक पर प्राणघातक हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। सिहावा पुलिस की सघन विवेचना और लगातार प्रयास के बाद फरार आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी प्रार्थी मुकेश कुमार साहू ने 9 अप्रैल 2026 को थाना सिहावा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 13 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसमें आरोपी कृष्ण कुमार साहू और उनकी पत्नी बिन्दा बाई साहू ने उनके पुत्र ताम्रध्वज साहू पर हमला कर दिया।
आरोप है कि दोनों ने बांस के डंडे से युवक के सिर पर गंभीर वार किया, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं। सामाजिक कारणों से घटना की तत्काल रिपोर्ट नहीं की गई, लेकिन हालत बिगड़ने पर पीड़ित को रायपुर के वी.वाई. अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर होने पर दो बार ऑपरेशन करना पड़ा। घटना के बाद से पीड़ित पैरालिसिस का शिकार हो गया है।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 31/2026 के तहत धारा 109(1) और 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। सिहावा पुलिस ने गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी कृष्ण कुमार साहू ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

