कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में इन दिनों मगरमच्छ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। सिमरिया गांव स्थित बेलकुंड नदी में एक बड़े आकार का मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि बेलकुंड नदी के पुल के पास ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। ग्राम पंचायत के सरपंच विनय ज्योतिषी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वर्ष भी इसी नदी में मगरमच्छ देखा गया था, जिसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी। हालांकि, नदी में मगरमच्छ का रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण होता है।
ढीमरखेड़ा क्षेत्र की नदियों और तालाबों में बीते दो वर्षों से लगातार मगरमच्छ देखे जा रहे हैं, जबकि इससे पहले इस इलाके में मगरमच्छों की मौजूदगी नहीं थी। ऐसे में अचानक बढ़ती इन घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के नदी घाटों का निरीक्षण किया। साथ ही, ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश देते हुए मुनादी भी कराई गई।
इस संबंध में रेंजर अजय मिश्रा ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही डिप्टी रेंजर की टीम को मौके पर भेजा गया है। फिलहाल निरीक्षण के दौरान मगरमच्छ दिखाई नहीं दिया, लेकिन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही मगरमच्छ की पुष्टि होगी, उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर उपयुक्त स्थान पर छोड़ा जाएगा।
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग नदी के आसपास जाने से बच रहे हैं।

