चंदौली। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन और अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चंदौली जिला मुख्यालय स्थित बिछिया धरना स्थल पर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि सदर उपजिलाधिकारी को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के जिला सचिव अनिल पासवान ने गुरैनी और धानापुर क्षेत्र की चकबंदी प्रक्रिया में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं के इशारे पर अधिकारियों ने नियमों की अनदेखी करते हुए गंगा कटान प्रभावित जमीनों का भी चक काट दिया, जबकि ऐसे क्षेत्रों में चकबंदी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर निरस्त करने की मांग उठाई।
धरने में बिझवल गांव की नवीन परती भूमि कथित रूप से भू-माफियाओं के नाम दर्ज किए जाने और अमर वीर इंटर कॉलेज की 26 एकड़ जमीन घटाकर 17 एकड़ किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। विद्यालय प्रबंधक डॉ. विशाल सिंह ने संस्था की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया।
ज्ञापन में गंगा कटान रोकने, दलित परिवारों के पट्टों को राजस्व अभिलेख में दर्ज करने तथा नगवां-गुरैनी-विरासराय पंप कैनाल को दुरुस्त कर टेल तक पानी पहुंचाने की मांग भी शामिल रही।

