धमतरी। धमतरी की कक्षा 11वीं की छात्रा रूचि साहू ने 5 मई को राज्यपाल रमेन डेका के जिले के दौरे के दौरान उनसे मुलाकात कर एक अहम पहल की ओर ध्यान आकर्षित किया। पिछले 5 वर्षों से नियमित योगाभ्यास कर रही रूचि एडवांस योग की कई विधाओं में पारंगत हैं। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर स्कूलों में योग को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल करने का आग्रह किया।
रूचि ने चर्चा के दौरान कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि योग को स्कूली पाठ्यक्रम में अनिवार्य विषय के रूप में शामिल किया जाए, तो छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ नियमित योगाभ्यास भी कर सकेंगे।
राज्यपाल रमेन डेका ने छात्रा की पहल की सराहना करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया और उसे भगवान श्रीराम का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। साथ ही उन्होंने धमतरी कलेक्टर को निर्देश दिया कि रूचि साहू को 16 मई को शाम 6 बजे राजभवन भेजा जाए, ताकि इस विषय पर आगे भी चर्चा की जा सके।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद रूचि साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए प्रेरणादायक क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी यह पहल आने वाले समय में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और समग्र विकास के लिए एक सकारात्मक बदलाव लाएगी।

