यशवंत गंजीर, धमतरी।अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 137 पौवा देशी शराब, नगदी रकम और दो वाहनों सहित कुल 1 लाख 34 हजार 660 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में स्कूटी समेत आरोपी पकड़ाया
पुलिस ने नहर पार भट्ठी रोड, नहर नाका दानीटोला के पास घेराबंदी कर चन्द्रप्रकाश बचेकर (28 वर्ष), निवासी औद्योगिक वार्ड धमतरी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बैग में रखे 57 पौवा देशी शराब, 6 हजार 200 रुपये नगद और एक स्कूटी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 25 हजार 760 रुपये बताई गई है।
मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
दूसरे मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
दानीटोला शराब भट्ठी के पास पुलिस ने दबिश देकर दो अन्य आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार नागेश (34 वर्ष) और उदय नागेश (22 वर्ष) दोनों निवासी साल्हेवार पारा धमतरी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से प्लास्टिक बोरी और बैग में रखे 80 पौवा देशी मशाला शराब, 900 रुपये नगद और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी जब्त की गई।
इस मामले में जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 8 हजार 900 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

