बलरामपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर नगर में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के दिवंगत पिता जागेश्वर जायसवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री वार्ड क्रमांक 12 स्थित उनके पैतृक निवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। ज्ञात हो कि भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के पिता जागेश्वर जायसवाल का विगत दिनों निधन हो गया था। इस दु:खद अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल दें। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम और मंत्री राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत जागेश्वर जायसवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर लोगों ने उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए परिवारजनों को ढांढस बंधाया।

