चंदौली। चहनियां बाजार में दिनदहाड़े राहगीर से पिस्तौल के बल पर मोबाइल और नगदी लूटने के मामले में बलुआ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी जबकि एक उपनिरीक्षक भी घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार 3 जून को चहनियां बाजार में गोविंद मिश्रा से पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी। घटना के बाद थाना बलुआ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी क्षेत्र छोड़ने की तैयारी में हैं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन वे भागने लगे। पुलिस के मुताबिक कुछ दूरी पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद हुई कार्रवाई के दौरान एक आरोपी अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू घायल हो गया जबकि दूसरा आरोपी आकाश कुमार गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन कुछ नकदी घटना में प्रयुक्त बाइक तथा अवैध हथियार बरामद करने की बात कही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि यह जांच का विषय है कि दोनों आरोपियों की अन्य आपराधिक घटनाओं में कोई भूमिका रही है या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। वहीं क्षेत्र में चर्चा इस बात की भी है कि दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। अब जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

