राजापुर प्रकरण में कार्रवाई शुरू होने और शासन के आश्वासन के बाद कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ का फैसला
रायपुर। सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तुषार मानिक के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा के मामले में शासन से सकारात्मक चर्चा तथा पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने अपना प्रस्तावित सामूहिक अवकाश कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट 4 जून 2026 से पुनः नियमित शासकीय कार्यों का निर्वहन करेंगे।


संघ के अनुसार राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा विभागीय सचिव के साथ हुई विस्तृत चर्चा में अधिकारियों की सुरक्षा, संसाधनों की उपलब्धता, स्टाफ की कमी, वाहन सुविधा और अन्य लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा गया। शासन ने इन मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर चरणबद्ध निराकरण का आश्वासन दिया है।
वहीं थाना सीतापुर में दर्ज अपराध क्रमांक 190/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत नामजद आरोपियों नाजिम रजा और पंकज गुप्ता के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संघ ने इसे सकारात्मक प्रगति बताते हुए शेष आरोपियों के खिलाफ भी शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि अगले 15 दिनों के भीतर प्रकरण में ठोस प्रगति और लंबित मांगों के समाधान की दिशा में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर परिस्थितियों की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही विभिन्न कर्मचारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और मीडिया के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया गया है।

