धमतरी। शहर के सपना पिंक सिटी कॉलोनी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सीएफ (केंद्रीय बल) के एक जवान ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद ठाकुर (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे रायपुर में पदस्थ थे और हाल ही में चुनाव ड्यूटी के लिए पश्चिम बंगाल गए हुए थे। ड्यूटी से लौटने के बाद वे पांच दिन के विश्राम पर अपने गृह नगर धमतरी आए हुए थे।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, जागेश्वर प्रसाद ठाकुर सपना पिंक सिटी कॉलोनी में एक किराए के मकान में रह रहे थे। घटना के समय वे घर के भीतर अकेले थे, जहां उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
घटना की सूचना मिलते ही वरदान परामर्श सेवा समिति के शिवा प्रधान मौके पर पहुंचे और तत्काल मदद करते हुए शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जवान के इस आत्मघाती कदम के पीछे पारिवारिक, मानसिक तनाव या अन्य किसी वजह की जांच की जा रही है।

