कुरूद। क्षेत्रीय पंचायत प्रशिक्षण केंद्र में हुए केबल तार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी चोर और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, ग्राम चरमुड़िया में सोने-चांदी एवं नगदी की चोरी की घटना अब भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुरूद स्थित क्षेत्रीय पंचायत प्रशिक्षण केंद्र के गेस्ट हाउस में दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच अज्ञात चोरों द्वारा केबल तार चोरी कर लिया गया था, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई। इस संबंध में केंद्र के प्राचार्य हेमंत ठाकुर ने कुरूद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेही दादू उर्फ रमेश साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी दादू के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी बसंत महिलांगे, निवासी ग्राम छाती, को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई केबल तार एवं तांबा बरामद किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दी है।
इधर, दूसरी घटना में ग्राम चरमुड़िया के मेनोनाइट चर्च के पास स्थित एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये नगद सहित कुल 53 हजार रुपये की चोरी कर ली। प्रार्थी नलेश नरमेल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

