चंदौली। पीडीडीयू नगर में 18 दिनों की खामोशी के बाद एक बार फिर प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा। फोरलेन के किनारे प्रस्तावित सर्विस रोड निर्माण को लेकर रेलवे गेट नंबर-2 के आगे दक्षिणी पटरी पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करीब 50 दुकानों और कई पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।
एसडीएम अनुपम मिश्रा, सीओ अरुण कुमार सिंह, नगर पालिका ईओ राजीव मोहन सक्सेना और पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दो पोकलेन और एक जेसीबी लगाकर कार्रवाई की गई। बुलडोजर चलते ही पूरा इलाका धूल के गुबार से भर गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानों के ऊपरी हिस्से भी गिराए गए। वहीं पुराने रेलवे गेट के पास बना तीन मंजिला होटल भी प्रशासन ने जमींदोज कर दिया। बताया गया कि फोरलेन के डिवाइडर से 52 फीट तक दक्षिणी पटरी पर अतिक्रमण हटाया गया है।
सड़क चौड़ीकरण और नाले के बाद अब सर्विस रोड निर्माण की तैयारी से दुकानदारों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि पहले उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि फोरलेन कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अब अचानक सर्विस रोड के नाम पर कार्रवाई शुरू कर दी गई।

