रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई और दामाद ने अपनी ही सास पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दामाद गोलू अपनी पत्नी को अपने साथ घर ले जाने के उद्देश्य से ससुराल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से ही तनाव चल रहा था। जब इस मुद्दे पर बातचीत शुरू हुई तो देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि आरोपी गोलू अचानक आपा खो बैठा और गुस्से में आकर उसने अपनी सास पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में लगभग 45 वर्षीय महिला के पेट में गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल डायल 112 की मदद से रीठी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक इलाज करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है
वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे देवगांव क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

