यशवंत गंजीर, धमतरी। कुरुद विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। हाल ही में दो ग्राम पंचायतों के सरपंचों और पंचों के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद अब ग्राम खट्टी (करेलीबड़ी) में ग्रामीण साहू समाज के कई प्रमुख पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। लगातार हो रहे इन राजनीतिक घटनाक्रमों को क्षेत्र में भाजपा के बढ़ते जनाधार और संगठनात्मक विस्तार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
अजय चंद्राकर ने भाजपाई गमछा से किया स्वागत
विधायक अजय चंद्राकर ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का भाजपाई गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, जनकल्याणकारी योजनाएं और क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के कारण समाज के विभिन्न वर्गों का विश्वास लगातार पार्टी के प्रति बढ़ रहा है। उन्होंने सभी नए सदस्यों का पार्टी परिवार में स्वागत करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
Khan Sir News : गार्ड की फायरिंग मामले में बढ़ीं खान सर की मुश्किलें, पटना पुलिस ने दर्ज की FIR
साहू समाज के पदाधिकारी हुए शामिल
भाजपा में शामिल होने वालों में ग्रामीण साहू समाज के सचिव महेश साहू, उपाध्यक्ष गणेश साहू, कोषाध्यक्ष यदुनंदन साहू, सचिव रोहित साहू, सदस्य तेजराम साहू, भुवन साहू, भंवरलाल साहू, भोलाराम साहू और सुरेश साहू प्रमुख रूप से शामिल हैं। कार्यक्रम में नगर पंचायत करेलीबड़ी के अध्यक्ष महेंद्र साहू, मेघा मंडल के महामंत्री कुशलकांत साहू, ग्रामीण साहू समाज के अध्यक्ष भागवत साहू तथा मेघा मंडल अध्यक्ष कल्याण राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बदल सकते हैं स्थानीय राजनीतिक समीकरण
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत प्रतिनिधियों के बाद सामाजिक संगठनों के प्रभावशाली पदाधिकारियों का भाजपा में शामिल होना स्थानीय राजनीति पर असर डाल सकता है। लगातार हो रहे भाजपा प्रवेश कार्यक्रमों ने यह संकेत दिया है कि कुरुद विधानसभा में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। आने वाले समय में इसका प्रभाव क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक संतुलन पर देखने को मिल सकता है।

