कटनी जिले की बिलहरी पुलिस को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को हैदराबाद से सकुशल दस्तयाब किया है, वहीं उसे बहला-फुसलाकर ले जाकर दुष्कर्म करने वाले अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अपहृत बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
दिनांक 11 अप्रैल 2026 को थाना कुठला में एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री, जो कक्षा 11वीं की छात्रा है, 10 अप्रैल को अपना परीक्षा परिणाम लेने के लिए शासकीय स्कूल बिलहरी गई थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची।
परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बिलहरी चौकी एवं थाना कुठला पुलिस ने पारंपरिक एवं तकनीकी साधनों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि बालिका हैदराबाद में है।
तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया, जिसने 17 अप्रैल 2026 को बालिका को सकुशल बरामद कर लिया और साथ ही 16 वर्षीय अपचारी बालक को भी हिरासत में लिया।
गिरफ्तार अपचारी बालक को माननीय किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से वारंट प्राप्त होने पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह सिवनी भेज दिया गया।
इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्रा, चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पांडेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों—राम सिंह, दामोदर राव, संतोष, भरत, सविता तिवारी, दिलकेश्वर, संदीप भलावी, सौरभ जैन, विकास एवं महिला आरक्षक पूजा द्विवेदी—की सराहनीय भूमिका रही।
“ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बिलहरी पुलिस की यह कार्रवाई न केवल एक नाबालिग की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करती है, बल्कि अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी देती है।

