धमतरी। धमतरी जिले के भखारा नगर में बुधवार रात हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। महावीर चौक पर पुराने लेन-देन और मोटरसाइकिल एक्सीडेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। बीच सड़क पर हुए चाकूबाजी के इस हमले में अन्नु निर्मलकर की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पुलिस के अनुसार 6 मई की रात करीब 9 बजे महावीर चौक में आरोपी शिवम साहू, चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू और राहुल कंवर उर्फ राहुल दीवान का मृतक से पुराने पैसों के लेन-देन और एक्सीडेंट को लेकर विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस अचानक हिंसक हो गई और आरोपियों ने गाली-गलौच के बाद मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मुख्य आरोपी शिवम साहू ने धारदार चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर वार कर दिया। खून से लथपथ हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिला अस्पताल धमतरी में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद महावीर चौक पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से आम लोग भय में जी रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर भीड़भाड़ वाले चौक में खुलेआम चाकू लेकर घूमने वालों पर पुलिस की नजर क्यों नहीं थी?
मामले की गंभीरता को देखते हुए धमतरी पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चिरंजीवी दीवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि मुख्य आरोपी शिवम साहू सहित अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

